कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भांटापारा, कुदुरमाल में टोनही (जादू-टोना) के नाम पर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मानसिक, सामाजिक और मौखिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवरानी, उसकी पुत्री और पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां जमानत नहीं मिलने पर तीनों को जेल भेज दिया गया।
उरगा थाना में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत ग्राम कुदुरमाल वार्ड क्रमांक 4 निवासी सत्यभामा वैष्णव (65 वर्ष), पति स्वर्गीय ओमप्रकाश वैष्णव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पीड़िता ने बताया कि उसकी देवरानी लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी, उसकी पुत्री चंचल वैष्णव तथा पुत्र किशन वैष्णव उर्फ गोलू पिछले लगभग दो वर्षों से लगातार उसे टोनही कहकर प्रताड़ित कर रहे थे।
पीड़िता के अनुसार आरोपी आए दिन उसके घर के सामने आकर गाली-गलौज करते थे और पूरे मोहल्ले में उसे जादू-टोना करने वाली महिला बताकर बदनाम करते थे। इतना ही नहीं, उसके दिवंगत पति को लेकर भी बेहद अपमानजनक टिप्पणियां करते हुए कहते थे कि "अपने पति को खुद मारकर खा गई।" इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि वह घर से बाहर निकली तो उसे नहीं छोड़ेंगे। घर में कूलर जलने या कोई अन्य सामान खराब होने पर भी उसका दोष पीड़िता पर मढ़ दिया जाता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से पीड़िता और उसका पुत्र राजेंद्र वैष्णव भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हो गए थे।
शिकायत की जांच के बाद उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 3(5) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत अपराध दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी (45 वर्ष), चंचल वैष्णव (21 वर्ष) और किशन वैष्णव उर्फ गोलू (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम भांटापारा, कुदुरमाल के निवासी हैं।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जमानत नहीं मिलने पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में टोनही के नाम पर महिलाओं के उत्पीड़न और अंधविश्वास के खिलाफ लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास से दूर रहें और इस प्रकार की किसी भी प्रताड़ना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
CG ई खबर
संपादक – ओम प्रकाश पटेल



