जांजगीर-चांपा। शराब पीकर वाहन चलाना एक ड्राइवर को महंगा पड़ गया। जांजगीर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में आरोपी वाहन चालक स्वदेश यादव को अनोखी सजा सुनाई है। न्यायालय ने उसे एक माह तक सामुदायिक सेवा करने का दंड दिया है। इसके तहत आरोपी को प्रतिदिन 3 घंटे सिटी कोतवाली थाना परिसर में साफ-सफाई करनी होगी।
न्यायालय के आदेश के अनुसार, स्वदेश यादव को विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों को शराब का सेवन नहीं करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक भी करना होगा। इस दौरान वह लोगों को नशे में वाहन चलाने से होने वाले नुकसान और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
बताया गया कि आरोपी स्वदेश यादव को तीसरी बार शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया था। इससे पहले भी वह दो बार इसी तरह के मामले में न्यायालय के समक्ष पेश हो चुका था, जहां दोनों मामलों में उसे 10-10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया था। इसके बावजूद दोबारा शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर न्यायालय ने इस बार उसे सामुदायिक सेवा की सजा सुनाई।
न्यायालय के इस फैसले को सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।


