कोरबा: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला दर्ज, प्लाटून कमांडर आरोपी फरार; पुलिस तलाश में जुटी

CG.ई ख़बर


कोरबा।
जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर दर्री पुलिस ने आरोपी प्रमोद महंत के खिलाफ दुष्कर्म सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी वर्तमान में प्लाटून कमांडर के पद पर पदस्थ बताया जा रहा है। मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे दोस्ती कर शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे में आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय तक शादी का आश्वासन देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में साफ इनकार कर दिया।

खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद पीड़िता ने दर्री थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़िता एवं आरोपी के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही अन्य साक्ष्य और दस्तावेज भी जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और बाद में शादी से इनकार कर दिया गया। शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।

नोट: यह समाचार पुलिस में दर्ज शिकायत और पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है। आरोपी के खिलाफ आरोपों की जांच जारी है और न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध होने तक उसे दोषी नहीं माना जा सकता।

3/related/default