छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश, 48 घंटे का भारी बारिश अलर्ट

CG.ई ख़बर


रायपुर।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रायपुर में भी सुबह से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है और मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हुई हैं। विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

वहीं महासमुंद जिले में भी मानसून मेहरबान रहा है। 1 जून 2026 से अब तक जिले में औसतन 370.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 486.4 मिमी वर्षा पिथौरा में रिकॉर्ड की गई है। इसके बाद सरायपाली में 469.4 मिमी, महासमुंद में 360.9 मिमी, बसना में 316.9 मिमी, बागबाहरा में 311.1 मिमी तथा कोमाखान में 281.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।

केवल 17 जुलाई को जिले में 31.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान पिथौरा में 57.6 मिमी, बसना में 44.1 मिमी, सरायपाली में 35.9 मिमी, महासमुंद में 23.1 मिमी, बागबाहरा में 19.5 मिमी और कोमाखान में 8.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

3/related/default