CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

क्रिकेट जगत को बड़ा झटका: महान ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन


ब्रिजटाउन।
क्रिकेट जगत ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है। वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके बेटे डेनियल ने की। इस खबर के बाद दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

बारबाडोस के ब्रिजटाउन में वर्ष 1936 में जन्मे सर गारफील्ड सोबर्स को क्रिकेट इतिहास का सबसे महान ऑलराउंडर माना जाता है। उन्होंने 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 57.78 की शानदार औसत से 8,032 रन बनाए। उनके नाम 26 शतक और 30 अर्धशतक दर्ज हैं।

बाएं हाथ के बल्लेबाज सोबर्स अपनी बहुमुखी गेंदबाजी के लिए भी प्रसिद्ध थे। वह बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने के साथ-साथ स्पिन और कलाई की स्पिन भी कर सकते थे। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 235 विकेट भी अपने नाम किए। इसके अलावा वह शानदार फील्डर भी थे।

सर गारफील्ड सोबर्स के नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज है। उन्होंने 1968 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट के एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया था। यह कारनामा उन्होंने नॉटिंघमशर की ओर से खेलते हुए ग्लेमोर्गन के खिलाफ किया था।

उनके निधन पर क्रिकेट वेस्टइंडीज ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा,

"एक महान पारी का अंत हो गया। सर गारफील्ड सोबर्स अब और हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।"

सर गारफील्ड सोबर्स का निधन क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनकी उपलब्धियां और खेल भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads