सरपंच पति पर फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा | 19 जुलाई 2026 | CG ई खबर : जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और पंचायत विवाद के चलते सरपंच पति पर फावड़े से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, किरीत निवासी राजन पात्रे ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 जुलाई को वह पंचायत सचिव के साथ तालाब ठेका संबंधी निविदा सूचना जारी कराने गया था। इसी दौरान गांव के संतोष साहू से मुलाकात हुई। पंचायत द्वारा सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर तीन बार नोटिस जारी किए जाने की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान संतोष साहू ने राजन पात्रे को जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे फावड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में राजन पात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष साहू (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



