कोरबा में हाथ में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

CG.ई ख़बर


कोरबा | CG ई खबर:
कोरबा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हाथ में तलवार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चौकी मानिकपुर पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष), निवासी मुड़ापार मुस्लिम बस्ती, अपने घर के सामने हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार तलवार बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि पिछले 4-5 दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले, गुंडा तत्वों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

3/related/default