कोरबा में जागरूकता का असर: घर में घुसे 6 फीट लंबे अहिराज सांप का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल में छोड़ा

CG.ई ख़बर


कोरबा।
जिले में नोवा नेचर एवं वन विभाग की लगातार चल रही वन्यजीव संरक्षण और जागरूकता मुहिम का सकारात्मक असर अब दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। सतरेंगा रोड से लगे ग्राम जामबहार में देर रात करीब 10:30 बजे एक ग्रामीण के घर में लगभग 6 फीट लंबा अहिराज सांप ईंटों के बीच घुसकर बैठ गया। सांप को देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया, लेकिन इस बार लोगों ने समझदारी का परिचय देते हुए उसे मारने के बजाय तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। गांव पहुंचने के बाद टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए अहिराज सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे थैले में सुरक्षित रखा। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों को सांपों के पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सर्पों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की सर्पदंश की घटना होने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दी गई।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि उनकी टीम पूरे कोरबा जिले में दिन-रात, यहां तक कि देर रात और आधी रात को भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते कई वन्यजीवों को सुरक्षित बचाकर उनके प्राकृतिक रहवास में वापस छोड़ा जा रहा है।

3/related/default