कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत केराकछार गांव में एक नवविवाहित दंपती द्वारा जहर सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय अकील सिंह और उसकी 21 वर्षीय पत्नी किरण सिंह के बीच रथयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि अकील सिंह रथयात्रा में जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी किरण सिंह ने भी उसके साथ जाने की इच्छा जताई, लेकिन अकील ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया और अकेले ही कार्यक्रम में चला गया।
रात में देर से घर लौटने के बाद अगले दिन सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर पहले किरण सिंह ने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया। पत्नी द्वारा जहर सेवन किए जाने की जानकारी मिलने के बाद अकील सिंह ने भी कथित तौर पर आवेश में आकर जहर का सेवन कर लिया।
दोनों के जहर सेवन करने की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तत्काल दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण दोनों की जान बच गई और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पति-पत्नी के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में विवाद की वजह रथयात्रा कार्यक्रम में साथ नहीं ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
बताया गया है कि अकील और किरण की शादी करीब एक वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। किरण मूल रूप से धरमजयगढ़ क्षेत्र के जमरगीडीह की रहने वाली है और विवाह के बाद केराकछार स्थित अपने ससुराल में रह रही थी।


