कोरबा और जांजगीर-चांपा समेत कई न्यायालयीन मामलों में वांछित आरोपी की पुलिस कर रही तलाश
जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लोगों को अधिक लाभ का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है और उसके देश से बाहर जाने की संभावनाओं पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोड़ीशंकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जांजगीर-चांपा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम एकत्रित की। आरोप है कि इसके बाद करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर आरोपी फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत धारा 420, 406, 34 भारतीय दंड संहिता (IPC) तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत धारा 318(4), 316(2), 111(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अभियोग पत्र पेश होने के बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है। आरोपी के खिलाफ थाना चांपा के मामले में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
इसके अलावा बिलासपुर न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत दर्ज प्रकरण और कोरबा न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने को देखते हुए गृह मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इसके जरिए देश के एयरपोर्ट, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर आरोपी के आवागमन की निगरानी की जा सकेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर को सूचित करें।
पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर: 94791-93199
थाना चांपा प्रभारी: 79874-60292
पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।




