अम्बिकापुर। शहर के मिशन अस्पताल यानी होली क्रॉस अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज को झाड़ू लगाने के दौरान इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले देशभर में तिरंगा यात्राओं और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी बीच अम्बिकापुर के होली क्रॉस अस्पताल परिसर से सामने आए इस कथित वीडियो ने विवाद खड़ा कर दिया है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति झाड़ू लगाते हुए दिखाई दे रहा है और दावा किया जा रहा है कि इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज का इस्तेमाल झाड़ू लगाने के लिए किया गया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में मौजूद कुछ मरीजों के परिजनों ने नाराजगी जताई और पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन से कैमरे पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार किए जाने की बात सामने आई है।
राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जुड़े इस कथित मामले को लेकर लोगों ने जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता, उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।
CG ई खबर अपील: राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रशासन को सूचित करें और बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें।



