मैजिक वाहन में लोहा चोरी करने पहुंचे थे चोर, सुरक्षा गार्ड और पुलिस की घेराबंदी देख वाहन छोड़कर भागे आरोपी
चोरी का ₹1 लाख कीमत का लोहे का सामान बरामद, वाहन चालक गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
रवान। अंबुजा सीमेंट प्लांट रवान में लोहा चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए मैजिक वाहन सहित करीब ₹1 लाख कीमत का चोरी का लोहे का सामान बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मैजिक वाहन क्रमांक CG 04 PQ 0585 में सवार होकर अंबुजा सीमेंट प्लांट रवान परिसर में लोहे के एंगल और प्लेट चोरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड्स एवं पुलिस की घेराबंदी को देखकर आरोपी चोरी का सामान लदे वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की और कार्रवाई करते हुए होमेश रजक पिता काशीराम रजक, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मूढ़ीपार, थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें लोहे के एंगल, प्लेट सहित अन्य सामग्री शामिल है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग ₹1,00,000 रुपये बताई गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई में शामिल टीम द्वारा लगातार क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर निगरानी रखी जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।





