कोरबा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में चार एल्डरमैन कार्यालयों का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, देव यादव एवं निराकार नाहक के कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने चारों एल्डरमैनों को कार्यालय शुभारंभ पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एल्डरमैन कार्यालयों के माध्यम से क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद स्थापित करने, स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभाग एवं सक्षम स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यालयों के शुभारंभ को क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
उद्घाटन समारोह के दौरान नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने चारों एल्डरमैनों को मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा का महामाला पहनाकर भव्य स्वागत किया।
चारों कार्यालयों के शुभारंभ के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच जनसेवा और जनसमस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया गया।




