![]() |
| AI Genreted image |
कोरबा/बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र में विकास कार्यों की कथित अनदेखी को लेकर पार्षदों और पीआईसी सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, बिजली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर 24 अगस्त 2026 से नगर पालिका परिषद के घेराव और तालाबंदी के साथ अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
पार्षदों द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 से 30 तक कई स्थानों पर सड़कें बदहाल हैं। नालियों की सफाई एवं निर्माण की स्थिति भी संतोषजनक नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा विभिन्न वार्डों में बिजली और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं के निराकरण तथा खराब लाइटों की मरम्मत एवं नई लाइट लगाने की मांग की गई है।
कुसमुंडा क्षेत्र में पेयजल समस्या का मुद्दा
आवेदन में कुसमुंडा क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है। पार्षदों का कहना है कि क्षेत्र में पानी की प्रमुख सुविधा टेप नलों के माध्यम से है, लेकिन टंकियों में नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या से अवगत कराने के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, कुसमुंडा क्षेत्र के यात्री प्रतीक्षालयों की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए उनके नवीनीकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
विकास राशि के इस्तेमाल में भेदभाव का आरोप
पार्षदों ने आरोप लगाया है कि जोनल एवं विभिन्न मदों से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कुछ विशेष वार्डों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लिए किया जा रहा है, जबकि कुसमुंडा क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है। आवेदन में इसे लेकर नगर पालिका प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है।
इसके साथ ही पीआईसी सदस्यों को नगर पालिका के विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी नहीं देने, कार्यक्रमों में शामिल नहीं करने तथा अपेक्षित सम्मान नहीं दिए जाने की शिकायत भी पत्र में की गई है।
23 अगस्त तक निरीक्षण और पीआईसी बैठक की मांग
पार्षदों ने मांग की है कि 23 अगस्त 2026 तक नगर पालिका के उपेक्षित वार्डों का निरीक्षण कराया जाए और तत्काल पीआईसी की बैठक आयोजित की जाए। साथ ही जिन वार्डों में अब तक विकास कार्य नहीं हुए हैं, वहां आवश्यक कार्यवाही शुरू करने की मांग की गई है।
पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो 24 अगस्त 2026 से नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा का घेराव एवं तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। पत्र में आंदोलन की स्थिति में मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है।
इन जनप्रतिनिधियों ने दी चेतावनी
यह आवेदन अमिला पटेल, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण समिति, वार्ड क्रमांक 29, नराईबोध, नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के लेटरहेड से दिया गया है। आवेदन में प्यारेलाल दिवाकर (पार्षद, वार्ड क्रमांक 26), इंद्रजीत बिंझवार (पार्षद, वार्ड क्रमांक 27), श्रवण कुमार यादव (पार्षद वार्ड क्रमांक 28 एवं पीआईसी सदस्य, लोक निर्माण समिति),राहुल कैवर्त (पार्षद वार्ड क्रमांक 30), दिलीप कुमार दाश (पार्षद एवं पीआईसी सदस्य, राजस्व एवं बाजार समिति), गायत्री कंवर (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा) और जितेन्द्र कुमार सिंह (एल्डरमेन, नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा) सहित जनप्रतिनिधियों की ओर से विभिन्न समस्याओं को उठाया गया है।
आवेदन की प्रतिलिपि उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कलेक्टर कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा, एसडीएम कटघोरा, नगर पालिका अध्यक्ष बांकी मोंगरा तथा थाना प्रभारी बांकी मोंगरा को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि 23 अगस्त तक नगर पालिका प्रशासन की ओर से इन मांगों पर क्या कार्रवाई की जाती है और क्या 24 अगस्त से प्रस्तावित आंदोलन को टाला जा सकेगा।





