बांकीमोंगरा/कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान तथा दीपका थाना क्षेत्र की दीपका खदान में डकैती की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजपाल चौहान (22 वर्ष), निवासी जामनीमूड़ा थाना पाली, फिरोज मेमन (27 वर्ष), निवासी भिलाईबाजार थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21 वर्ष), निवासी शुक्लाखार थाना बाँकीमोंगरा और होरीलाल केवट (24 वर्ष), निवासी शांतिनगर थाना कुसमुंडा के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। डकैती के इन मामलों का खुलासा करने में पुलिस के मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से डकैती मामलों का खुलासा
“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



