CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई, नेक्सॉन की बैक लाइट से 18.200 किलो अफीम बरामद


राजस्थान | चित्तौड़गढ़ 
चित्तौड़गढ़ जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की राजस्थान यूनिट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.200 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। अफीम को एक टाटा नेक्सॉन कार की पिछली लाइट में बनाए गए विशेष गुप्त केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, CBN चित्तौड़गढ़ डिवीजन-2 को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की एक नेक्सॉन कार में अफीम की बड़ी खेप बाड़मेर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर 17 अगस्त को टीम ने संदिग्ध मार्गों पर नाकाबंदी की।

इसी दौरान सफेद रंग की संदिग्ध कार तेज रफ्तार से नाकाबंदी तोड़कर भाग निकली। CBN टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन रास्ते में एक मोड़ पर कार नजरों से ओझल हो गई। मार्ग दो दिशाओं में बंटने के बाद अधिकारियों ने टीमों को अलग-अलग दिशा में रवाना किया।

तलाशी के दौरान कार सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। हालांकि, उसका चालक मौके से गायब था। CBN अधिकारियों ने कार के आसपास सादे कपड़ों में जवानों को तैनात कर निगरानी रखी, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कार लेने कोई नहीं पहुंचा।


प्रारंभिक तलाशी में कार के अंदर कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद वाहन को CBN कार्यालय लाकर मैकेनिक की मदद से उसकी बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान कार की पिछली लाइट के अंदर विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी का पता चला।

कैविटी खोलने पर उसमें 29 छोटे पैकेट मिले, जिनमें कुल 18.200 किलोग्राम अवैध अफीम छिपाकर रखी गई थी। CBN ने अफीम के साथ टाटा नेक्सॉन कार को भी जब्त कर लिया है।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है। CBN अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे बाड़मेर तक किसे पहुंचाया जाना था।

Top Post Ad

Below Post Ad