(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। जिले में अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कटघोरा थाना क्षेत्र से कबाड़ कारोबार से जुड़े एक मामले में पुलिस विभाग के ही चार कर्मचारियों के निलंबन की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, कथित लेन-देन और संदिग्ध आचरण की शिकायत के बाद कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक एमबी पटेल, सहायक उप निरीक्षक राम पांडेय, आरक्षक पुनेन्द्र कुर्रे सहित चार पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
कबाड़ से जुड़े मामले में शिकायत के बाद जांच
बताया जा रहा है कि मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के कबाड़ी पवन और गोलू से जुड़ा है। सूत्रों के मुताबिक करीब 15 से 20 दिन पहले कबाड़ से संबंधित एक वाहन पकड़ा गया था। इसके अलावा करीब तीन दिन पहले कबाड़ लदा एक अन्य ट्रक भी पुलिस ने रोककर रखा था।
आरोप है कि वाहन पकड़े जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस पर कथित लेन-देन के जरिए मामला छोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची।
SDOP ने की मामले की जांच
शिकायत को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गंभीरता से लेते हुए कटघोरा SDOP विजय राजपूत को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। SDOP द्वारा मामले की जांच कर रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई।
जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मची हुई है।
वर्दी की आड़ में नियमों से खिलवाड़ पर सख्ती
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों और जांच के निष्कर्षों से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं सूत्रों के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपों की पुष्टि संबंधित पुलिस विभाग की आधिकारिक जानकारी से की जानी बाकी है।



