जांजगीर-चांपा। जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार बरामद किए हैं। दोनों को किसी गंभीर घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस टीम ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश सूर्यवंशी (21 वर्ष), पिता श्री राम सूर्यवंशी, निवासी दर्रीपारा नैला, जांजगीर तथा किशन कुमार सूर्यवंशी (26 वर्ष), पिता ओमप्रकाश सूर्यवंशी, निवासी वार्ड क्रमांक 5, नैला, जांजगीर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने पूर्व में थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी नैला पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो नग धारदार हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से किसी संभावित गंभीर वारदात को समय रहते टालने में सफलता मिली है।
CG ई खबर | जांजगीर-चांपा


