राजनांदगांव। चिचोला पुलिस ने प्रेमलाल साहू की मौत के मामले का खुलासा करते हुए सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। शुरुआती तौर पर सड़क हादसा प्रतीत हो रही घटना जांच के बाद सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त की रात महाराजपुर भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में प्रेमलाल साहू का शव बरामद हुआ था। मृतक के चेहरे, नाक और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून निकला हुआ था। शव के पास खून से सना एक भारी पत्थर भी मिला, जिसके बाद पुलिस को घटना सड़क दुर्घटना होने पर संदेह हुआ।
मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों के साथ-साथ मृतक के पारिवारिक एवं निजी संबंधों की भी बारीकी से पड़ताल की। इसी दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू के गांव के ही एक युवक से कथित संबंध होने की जानकारी मिली।
पति को रास्ते से हटाने की बनाई योजना
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के अनुसार, पुलिस जांच में कथित तौर पर सामने आया कि गंगोत्री साहू और उसके प्रेमी के बीच संबंधों में प्रेमलाल साहू बाधा बन रहा था। आरोप है कि दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मिलकर उस पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। हमले में प्रेमलाल की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे स्थित गड्ढे में डाल दिया, ताकि पूरी घटना सड़क हादसे जैसी दिखाई दे और पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुलिस की जांच में मामले की परतें खुलती चली गईं।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


