जांजगीर। शहर में हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और चापड़ लहराकर राहगीरों को डराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शारदा चौक के पास कुछ युवकों द्वारा वाहन से हथियारनुमा वस्तु दिखाकर दहशत फैलाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल, एक चापड़ और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शहर में लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं के बाद लोगों में चिंता बढ़ने लगी है। अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या जांजगीर में भी युवाओं के बीच हथियारों का प्रदर्शन कर रौब जमाने का नया चलन बढ़ रहा है। पुलिस ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

