रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत युवती की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी मिला है। मोबाइल के जरिए उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके परिजनों तक घटना की जानकारी पहुंचाई जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली।
फिलहाल युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, हादसा और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

