CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


कोरबा में युवक की संदिग्ध मौत का खुलासा, पत्नी गिरफ्तार; चाकू से पैर में लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से हुई मौत


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा/मानिकपुर। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के सुभाष ब्लॉक एसईसीएल कॉलोनी में युवक अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने करीब 26 दिन बाद खुलासा करते हुए उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान पैर में चाकू लगने से अंकित को गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपी पत्नी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

घटना 15 जुलाई की बताई जा रही है। अंकित गंभीर हालत में मिला था। उसके पैर में चाकू से गहरा घाव था और काफी रक्तस्राव हो रहा था। परिजन उसे तत्काल एसईसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी प्रिया सोनवानी पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित और प्रिया ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान प्रिया द्वारा कथित रूप से अंकित के पैर में चाकू मारने की बात जांच में सामने आई। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि अंकित ऐसी बीमारी से पीड़ित था, जिसमें रक्त का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। पुलिस के अनुसार, पत्नी को इस बीमारी की जानकारी थी।

चाकू लगने के बाद अंकित के पैर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों की शिकायत, घटनाक्रम और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

Top Post Ad

Below Post Ad