(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्ट: सरस्वती मरकाम)
कोरबा/दर्री। दर्री क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 गौवंशों की मौत की खबर से इलाके में आक्रोश फैल गया। भवानी मंदिर के पास पुलिया के समीप हुए इस हादसे के बाद बड़ी संख्या में गौसेवक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज गौसेवकों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात के समय भवानी मंदिर के समीप पुलिया के पास 17 गौवंश दुर्घटना की चपेट में आ गए। हादसा किस वाहन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तनाव व आक्रोश का माहौल बन गया।
गौसेवकों ने जताया विरोध
17 गौवंशों की मौत की सूचना मिलते ही गौसेवकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
CSP की समझाइश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दर्री CSP गिरिजा शंकर साव ने गौसेवकों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश और मध्यस्थता के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



