1.40 लाख रुपए का चोरी गया सामान और पिकअप जब्त, ग्राहक तलाशते समय पुलिस ने दबोचा
जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में डीजे सामान चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.40 लाख रुपए कीमत का चोरी गया डीजे सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 BG 9773 जब्त की है। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार पैधारकोसा निवासी सुदर्शन यादव ने 23 अगस्त की रात मुलमुला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 3 एम्प्लीफायर, 4 साउंड बॉक्स, डीजे मिक्सर और एक एचपी गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपए बताई गई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मुलमुला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 25 अगस्त को पुलिस को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी का डीजे सामान पिकअप वाहन में लेकर कुटीघाट के पास ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मुलमुला से बिलासपुर की ओर जा रही पिकअप को रोक लिया। वाहन में चालक समेत कुल 6 लोग सवार थे। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें चोरी किया गया डीजे सामान बरामद हो गया।
पूछताछ में चोरी की वारदात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान और पिकअप वाहन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में अमर टण्डन (24), विनय सांडिल्य (21), संदीप तिवारी (23), इंदल उर्फ इंद्र गुलेरी (25), नीरज पाटले (22) और मनीष सिंह बलदेव (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुलमुला, नरियरा तथा बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


