राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के इकलेरा गांव में जमीन विवाद को लेकर रविवार को सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस में पदस्थ ASI दिलीप कुंभकार पर चार लोगों पर गोली चलाने का आरोप है। फायरिंग में दीपक मोहबे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ASI कथित तौर पर फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ASI दिलीप कुंभकार को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि पट्टे की जमीन के एक प्लॉट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना से करीब तीन दिन पहले भी थाने में शिकायत और धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। रविवार को विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग की घटना हुई।
फायरिंग में घायल तीन लोगों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी ASI को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।



