जांजगीर-चांपा। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने की शिकायतों के बाद सिटी कोतवाली जांजगीर और चांपा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तीन दुकान संचालकों के ठिकानों पर रेड की। कार्रवाई के दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर बिक्री किए जा रहे 56 नग डुप्लीकेट तेल जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2.50 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में 44 नग बड़े बकेट और 12 नग छोटे केन शामिल हैं। मामले में तीन दुकान संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
तीन आरोपी पुलिस कार्रवाई के घेरे में
पुलिस ने जिन आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है, उनमें—
- कौशल अग्रवाल, पिता स्व. देवदत्त अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड, बरपाली चौक, चांपा।
- अमन शर्मा, पिता अशोक शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
- नीरज अग्रवाल, पिता स्व. बद्री प्रसाद अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चांपा।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को थाना क्षेत्र में कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट सामान की बिक्री किए जाने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों ने संबंधित दुकानों में दबिश दी। जांच के दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर रखे गए डुप्लीकेट तेल के 56 नग बरामद किए गए।
एसपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
जिले के पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS) ने कंपनी के नाम पर नकली अथवा डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा मामले में जब्त सामग्री के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।



