CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

स्कूल भवन निर्माण में लापरवाही पर निगम की बड़ी कार्रवाई, ठेकेदार एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट


कोरबा।
नगर पालिक निगम कोरबा ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने प्राथमिक शाला डुमरमुड़ा के नवीन भवन निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ने और बार-बार निर्देश व नोटिस के बावजूद काम शुरू नहीं करने पर मेसर्स सौमक गोस्वामी, साडा कॉलोनी जमनीपाली, कोरबा को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली अंतर्गत प्राथमिक शाला डुमरमुड़ा में नवीन भवन निर्माण का ठेका उक्त निर्माण एजेंसी को दिया गया था। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित अवधि जनवरी 2026 तक थी, लेकिन ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया।

निगम की ओर से बार-बार मौखिक एवं लिखित निर्देश दिए जाने के बावजूद शेष कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। इसके बाद निगम ने ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई जवाब नहीं दिया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने ठेकेदार को एक वर्ष के लिए नगर निगम कोरबा की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया। साथ ही निविदा के दौरान जमा अमानत राशि को ब्याज सहित राजसात करने की कार्रवाई भी की गई है।

इसके अलावा अधूरे बचे कार्य की 10 प्रतिशत क्षतिपूर्ति राशि भी ठेकेदार के अन्य लंबित बिल, उपलब्ध सुरक्षा राशि, परफॉर्मेंस गारंटी अथवा अन्य मद से वसूल की जाएगी।

लापरवाही पर आगे भी होगी कार्रवाई

आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के विकास एवं निर्माण कार्यों में लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निगम के जोन कमिश्नरों और अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने अथवा अधूरे कार्यों को लंबित रखने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई तेजी से प्रस्तावित की जाए।

निगम की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों में समयसीमा और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में कड़ा कदम माना जा रहा है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads