गेवरा बस्ती। ज्ञान भारती विद्यालय गेवरा बस्ती में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं स्मरण के साथ हुई।
इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक एवं विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के व्यवस्थापक एवं डायरेक्टर श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सबसे महत्वपूर्ण होता है। गुरु ही विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाकर उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, भाषण, कविता सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के व्यवस्थापक श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की हेड मास्टर श्रीमती निर्मला जायसवाल सहित बेहुला, पूर्णिमा अघरिया, कृष्ण प्रसाद, नेहा, निर्मलजीत, कांक्षा, प्राची, श्वेता, पूर्णिमा, रेणुका, प्रियंका, रंजीता, मुस्कान सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




