CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में हाथियों का आतंक: सेमरहा और मड़ई में 15 हाथियों के दल ने मचाई तबाही, मकान तोड़े और फसल रौंदी


(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा। जिले के कटघोरा और कोरबा वन मंडल में हाथियों की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। अलग-अलग क्षेत्रों में हाथियों के झुंड और लोनर हाथी की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों ने धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ ग्रामीणों के मकानों को भी क्षतिग्रस्त किया है।

15 हाथियों के दल ने रामपुर में रौंदी धान की फसल

जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के छाल रेंज से 15 हाथियों का दल अचानक कोरबा वन मंडल के करतला रेंज पहुंच गया। हाथियों ने रामपुर गांव में रातभर उत्पात मचाया और ग्रामीणों के खेतों में लगी धान की फसल को पैरों तले रौंद दिया। इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि हाथियों का दल रातभर क्षेत्र में विचरण करता रहा और सुबह होने से पहले वापस छाल रेंज की ओर चला गया, जहां जंगल में जाकर आराम करने लगा।

सेमरहा में दंतैल ने तोड़ा ग्रामीण का मकान

वहीं कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में भी हाथियों की सक्रियता बनी हुई है। यहां करीब 14 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिसमें एक दंतैल हाथी भी शामिल है। यह दंतैल अक्सर झुंड से अलग होकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाता है।

बीती रात दंतैल हाथी सेमरहा गांव में पहुंच गया और एक ग्रामीण के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। मकान टूटने के बाद ग्रामीण का परिवार भारी बारिश के बीच बेघर होने को मजबूर हो गया।

मड़ई में लोनर हाथी ने मकान किया क्षतिग्रस्त

इधर केंदई रेंज में नेशनल हाईवे पर बार-बार पहुंचकर वाहनों की रफ्तार रोकने वाला लोनर हाथी भी क्षेत्र में सक्रिय है। बीती रात यह हाथी कांपा-नवापारा परिसर से एमता नगर रेंज के मड़ई क्षेत्र पहुंचा।

यहां हाथी ने फुलसुंदरी पति रंगीलाल के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद खेतों में लगी फसल को रौंदते हुए हाथी बंजारी परिसर की ओर चला गया।

लगातार हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने और फसलों व मकानों को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads