जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू (25), निवासी कोयला, थाना पामगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में आरोपी जनकराम साहू (50), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
जमीन विवाद को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी पर भी लाठी से हमला किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना में शामिल आरोपी परमेश्वर साहू की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पामगढ़ पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से मामले में शामिल दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।


