CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

गेवरा बस्ती के भूमि रिकॉर्ड सुधार में 80% काम पूरा, शेष 20% मामलों के निराकरण में लगेंगे करीब दो माह


कोरबा/कुसमुण्डा।
एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र में गेवरा बस्ती के भूमि अधिग्रहण और रिकॉर्ड संबंधी त्रुटियों के निराकरण को लेकर 24 सितंबर 2026 को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसईसीएल अधिकारियों, राजस्व विभाग के अधिकारियों, नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के वार्ड क्रमांक 24, 26, 27 व 28 के पार्षदों और ग्राम वासी मौजूद रहे।

बैठक नगर पालिका परिषद बांकी के वार्ड क्रमांक 24' 26, 27, व 28 के पार्षदों द्वारा 10 सितंबर 2026 को सौंपे गए ज्ञापन क्रमांक 19 के संबंध में आयोजित की गई थी। बैठक में कुसमुण्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक एस.टी. पाटिल, स्टाफ अधिकारी मानव संसाधन आर.पी. दुबे, वरिष्ठ प्रबंधक खनन महेश मेढ़ें, तहसीलदार दीपका अभिजीत राज भानू, नायब तहसीलदार कोरबा खेलन सूर्यवंशी एवं रामसफल सिंह सहित पार्षद एवं गेवरा बस्तीवासी मौजूद रहे।

80 प्रतिशत खातेदारों की त्रुटियां सुधारी गईं

बैठक में गेवरा बस्ती के भूमि रिकॉर्ड, खाता एवं अन्य राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटियों के सुधार पर विशेष चर्चा हुई। तहसीलदार दीपका ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा इस मामले में गंभीरता से कार्यवाही की जा रही है और लगभग 80 प्रतिशत खातेदारों के रिकॉर्ड में पाई गई त्रुटियों का सुधार किया जा चुका है।

वहीं शेष करीब 20 प्रतिशत खातेदारों के रिकॉर्ड में गंभीर प्रकृति की त्रुटियां सामने आई हैं। इनमें भूमि का रकबा कम या अधिक दर्ज होना, निजी भूमि को शासकीय भूमि के रूप में दर्ज किया जाना सहित लगभग 12 प्रकार की त्रुटियां शामिल हैं। इन मामलों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है और इसमें लगभग दो माह का समय लगने की संभावना जताई गई है।

तहसीलदार ने संबंधित ग्रामीणों से अपने दावों के समर्थन में उपलब्ध दस्तावेज तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि दस्तावेजों की जांच के बाद त्रुटियों का निराकरण किया जा सके। प्रतिनिधियों ने राजस्व विभाग को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही जल्द नोटिस जारी करने का अनुरोध किया गया, जिसे तहसीलदार ने स्वीकार किया।






रिकॉर्ड सुधार के बाद मुआवजा प्रक्रिया होगी तेज

बैठक में एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक एस.टी. पाटिल ने आश्वासन दिया कि राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटियां दूर होने के बाद एसईसीएल स्तर पर आवश्यक कार्रवाई तत्काल की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ माह के भीतर मुआवजा संबंधी प्रक्रिया क्षेत्र स्तर से पूरी कर सक्षम स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही ग्राम गेवरा का DOL अनुमोदन के लिए कलेक्टर, कोरबा को भेजे जाने की बात भी बैठक में कही गई।

ड्रोन सर्वे के आधार पर परिसंपत्तियों का आकलन

वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद एवं पीआईसी सदस्य श्रवण कुमार यादव ने भूमि अर्जन प्रक्रिया के दौरान परिसंपत्तियों के सर्वे और मुआवजे के आकलन को लेकर जानकारी मांगी। इस पर बताया गया कि ग्राम गेवरा की परिसंपत्तियों का ड्रोन सर्वे किया जा चुका है।

बैठक में बताया गया कि परिसंपत्तियों का आकलन किए जाने के समय प्रचलित दरों के अनुपात में मुआवजे की गणना की जाएगी। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने नरईबोध और धरमपुर क्षेत्र में मुनादी कराने तथा इस संबंध में सूचना बोर्ड लगाने की मांग रखी, जिस पर महाप्रबंधक ने सहमति जताई।

फसल क्षति के मुआवजे का भी उठा मुद्दा

गेवरा बस्ती के प्रतिनिधियों ने खेतों में पानी सूख जाने के कारण फसलों को हो रही क्षति का मुद्दा भी उठाया। इस पर एसईसीएल महाप्रबंधक ने कहा कि शासन की ओर से नियमानुसार निर्देश प्राप्त होने के बाद उसके अनुरूप उचित कार्रवाई की जाएगी।

गेवरा बस्ती रोड की मरम्मत का आश्वासन

वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद प्यारे लाल दिवाकर ने गेवरा बस्ती की सड़क की मरम्मत की मांग बैठक में रखी। महाप्रबंधक ने मांग पर उचित विचार करते हुए सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में उपस्थित पार्षदों एवं ग्राम प्रतिनिधियों ने चर्चा और दिए गए आश्वासनों पर संतोष व्यक्त किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से वार्ड 24 के पार्षद राजकुमार कंवर, वार्ड 26 के पार्षद प्यारे लाल दिवाकर, वार्ड 27 के पार्षद इन्द्रजीत बिंझवार और वार्ड 28 के पार्षद श्रवण कुमार यादव सहित गेवरा बस्ती के  ग्रामीण उपस्थित रहे।

Top Post Ad

Below Post Ad

ads