कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

CG.ई ख़बर


कोरबा में कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध

जमीन विवाद बना हमले की वजह, घायल को जिला अस्पताल किया गया रेफर

कोरबा, कोरबी-चोटिया। जिले के सरहदी क्षेत्र अंतर्गत पसान थाना के अधीन कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सिरमिना नवापारा में रविवार सुबह एक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांग्रेस से जुड़े स्थानीय निवासी अमृतलाल ताम्रकार (66 वर्ष) पर उनके खेत में जानलेवा हमला किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतलाल अपने निजी खाते की भूमि की जोताई कर रहे थे, तभी गांव के ही परदेशी पिता रामा राऊत ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने खेत को अन्य को अधिया पर देने पर आपत्ति जताते हुए अमृतलाल को गालियां दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सिर व बाएं हाथ पर डंडे से जोरदार प्रहार कर दिया।

घटना के समय मौके पर मौजूद दीनदयाल रावत और अमृतलाल के पुत्र मुकेश ताम्रकार ने बीच-बचाव किया। हमले में अमृतलाल के सिर पर गहरी चोट आई, वहीं हाथ की उंगलियों व कलाई में भी गंभीर चोटें पाई गईं। घायल अवस्था में उन्हें कोरबी पुलिस चौकी लाया गया, जहां से उन्हें इलाज के लिए पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

कोरबी चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार जोगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी परदेशी राऊत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस बीच आरोपी परदेशी राऊत ने भी पुलिस चौकी में पहुंचकर मारपीट का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संपर्क में रहिए - आगे की अपडेट जल्द।


3/related/default