CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

महिला ने लगाए यौन उत्पीड़न और जबरन गर्भपात के आरोप — कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी


तिरुवनंतपुरम। (CG ई खबर) : 
पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल पर एक महिला द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और जबरन गर्भपात के गंभीर आरोपों के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला की शिकायत पर यह मामला शुक्रवार को वलियामाला थाने में दर्ज हुआ। इससे पहले पीड़िता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को लिखित शिकायत सौंपी थी।

सूत्रों के अनुसार, महिला का विस्तृत बयान तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस मुख्यालय में महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा देर रात दर्ज किया गया। बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में यौन उत्पीड़न, जबरन गर्भपात, मारपीट, घर में अवैध प्रवेश और आपराधिक धमकी के प्रावधानों के तहत केस दर्ज हुआ है।

मामले में विधायक के करीबी जॉबी जोसेफ को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि उसने महिला को गर्भपात की दवा दी थी। मामला अब नेमोम थाने स्थानांतरित कर दिया गया है और तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त की देखरेख में एक विशेष टीम जांच कर रही है। जल्द ही चिकित्सकों का दल पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण करेगा।

पीड़िता की शिकायत सामने आने के बाद विधायक ममकूटाथिल कथित रूप से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, वह गुरुवार शाम तक निकाय चुनाव प्रचार में सक्रिय थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।

इससे पहले भी एक ऑडियो क्लिप और चैट संदेशों के आधार पर अपराध शाखा केस दर्ज कर चुकी है। हाल में एक नई ऑडियो क्लिप सामने आई थी, जिसमें विधायक कथित रूप से पहले बच्चा चाहने और बाद में महिला पर गर्भपात का दबाव बनाने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। अगस्त में उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था।

ममकूटाथिल पहले भी विवादों में घिरे रहे हैं। मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज के आरोपों के बाद उन्होंने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। कई महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर द्वारा भी उन पर आरोप लगाए चुके हैं। पिछले साल हुए उपचुनाव में वह पलक्कड़ से विधायक चुने गए थे।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads