कोरबा में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 142वीं जयंती पर कांग्रेस का भव्य आयोजन पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बोले – “डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सदियों तक प्रेरणा के स्तंभ रहेंगे”


(CG ई ख़बर - विजय चौहान - बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ़)

कोरबा, 3 दिसम्बर 2025। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की 142वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय, टीपी नगर में कांग्रेस द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद अपनी असाधारण क्षमताओं, सादगी और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण सदियों तक प्रेरणा के स्तंभ बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रसाद भारतीय संस्कृति में पूरी तरह रचे-बसे ऐसे महामानव थे जिन्होंने महात्मा गांधी के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए देश निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया।

प्रदेश कांग्रेस सचिव बी. एन. सिंह ने कहा कि डॉ. प्रसाद की जिम्मेदारियों को निभाने की शैली हर पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नथ्थूलाल यादव ने उन्हें सच्चे राष्ट्रभक्त और भारतीय जीवन पद्धति का प्रतीक बताया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि डॉ. प्रसाद बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी, प्रखर वाक्शैली वाले सांसद और श्रेष्ठ प्रशासक थे। वहीं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि राष्ट्रपति पद पर 12 वर्ष रहने के बावजूद उनकी सादगी जीवनभर कायम रही। पदमुक्त होने के बाद वे पटना स्थित सदाकत आश्रम में रहने लगे, जहाँ 28 फरवरी 1963 को उनका निधन हुआ।

कार्यक्रम में पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक देवांगन, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अवधेश लाठिया, रमेश वर्मा, पंचराम निराला, विजय आदिले, विजय आनंद, राजमति यादव, डॉ. डी. आर. नेताम, डॉ. रामकुमार माथुर, गोपाल यादव, सुशील नेताम, मोहम्मद एहसान अंसारी, नंद कुमार देवांगन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे ने प्रस्तुत किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad