CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा: एक साल पहले की थी कोर्ट मैरिज, नवविवाहिता की संदिग्ध मौत— पति ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल) : 
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी मुख्य मार्ग मछली मार्केट, पवन टेंट हाउस के पास एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सरस्वती यादव की शादी लगभग एक वर्ष पहले 28 वर्षीय आशीष केवट (पिता—गोरेलाल केवट) से कोर्ट मैरिज के माध्यम से हुई थी। दोनों पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। सरस्वती जब स्कूल जाया करती थी, उसी समय आशीष से पहचान बढ़ी और धीरे-धीरे प्रेम संबंध शादी में बदल गया। विवाह के बाद वह आशीष के परिवार के साथ ही रहती थी।

आशीष के मुताबिक, घटना के समय घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे और सरस्वती घर पर अकेली थी। उसे जानकारी मिली कि सरस्वती घर में लोहे के एंगल से बने फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। इसके बाद वह तुरंत उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सरस्वती को मृत घोषित कर दिया।

आशीष ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले सरस्वती का अपने भाई से विवाद हुआ था। बातचीत के दौरान सरस्वती को यह महसूस हुआ कि शादी के बाद परिवार से उसका जुड़ाव कम हो गया है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी दुखी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी। चूंकि मामला नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से जुड़ा हुआ है, इसलिए तहसीलदार को मौके पर बुलाया गया और पंचनामा एवं बयान दर्ज किए गए।
कोतवाली थाना पुलिस ने संदिग्ध मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब सभी संभावित पहलुओं—आत्महत्या, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads