कोरबा: बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाने वालों को फटकार, नियमों को दिखा रहे ठेंगा — स्वास्थ्य विभाग ने दिखाई सख्ती

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —

कोरबा जिले में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने वालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न इलाकों में दूसरे जिले की निजी संस्थाओं द्वारा नियमों को दरकिनार कर हेलमेट व गिफ्ट का लालच देकर ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जा रहे थे, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अवैध मानते हुए तत्काल बंद करा दिया।

जानकारी के अनुसार कटघोरा और हरदीबाजार क्षेत्र में बिलासपुर के कुछ निजी ब्लड बैंक बिना प्रशासनिक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप संचालित कर रहे थे। नियमों के विपरीत तरीके से रक्त संग्रह की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सामने आया कि विभाग के पहुंचने से पहले ही करीब 70 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था।

कोरबा मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक के नोडल अधिकारी डॉ. आर.के.एस. राठौर ने स्पष्ट किया कि कोरबा जिले में किसी भी बाहरी संस्था या निजी ब्लड बैंक को ब्लड डोनेशन कैंप लगाने से पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद कुछ निजी ब्लड बैंक चोरी-छुपे कैंप लगाकर रक्त संग्रह कर रहे थे, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है।


मौके पर पहुंचे नोडल अधिकारी ने आयोजकों को कड़ी फटकार लगाई और कैंप तत्काल बंद कराया। साथ ही सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि बिना अनुमति इस तरह की गतिविधियां की गईं तो संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ संस्थाएं रक्तदाताओं को आकर्षित करने के लिए हेलमेट और अन्य उपहार देने का लालच दे रही थीं। विभाग ने इसे न केवल अनैतिक बल्कि कानून के खिलाफ बताते हुए पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया है।

गौरतलब है कि जिले में पहले भी ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित होते रहे हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता और जनजागरूकता रहा है। लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह निजी लाभ के उद्देश्य से बाहरी संस्थाएं नियमों को ताक पर रखकर कैंप लगा रही हैं, उस पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि कोरबा जिले में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।

3/related/default