कोरबा (CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : सत्या पटेल) —
कोरबा जिले में वेदांता समूह की कंपनी बालको के ग्रीन एनोड प्लांट में नियमित कार्य के दौरान अचानक हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके के साथ ही प्लांट परिसर धुएं से भर गया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लांट के भीतर अचानक तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही पलों में धुआं उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा दल मौके पर पहुंचा और एहतियातन प्रभावित क्षेत्र को सील कर दिया गया। इसके बाद तकनीकी टीम ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बालको प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस हादसे में तीन कर्मचारी घायल हुए हैं।
घायल कर्मचारी रवि शंकर यादव (31 वर्ष), निवासी जिला रानी सागर, बिहार, को कमर और सिर में चोटें आई हैं। उनका उपचार बालको अस्पताल में जारी है।
वहीं, मजदूर रामकुमार और शिवकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्लांट में हुए इस धमाके ने कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


