शराब पार्टी में विवाद के बाद महिला की संदिग्ध मौत, दो युवक गिरफ्तार—लाश को बैठाकर भागने की कोशिश

CG.ई ख़बर


लखनऊ (CG ई खबर | उत्तर प्रदेश ब्यूरो) —
राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में रिटायर्ड IAS अधिकारी के घर के बाहर मिली महिला की लाश के पीछे का राज पुलिस ने सुलझा लिया है। विनीत खंड से गिरफ्तार किए गए दो आरोपी—कानपुर निवासी देवेंद्र सिंह और गोमतीनगर निवासी सूरज पाल—ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि महिला की मौत शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में हुई, जिसके बाद उन्होंने लाश को सड़क किनारे बैठाकर भागने की कोशिश की।


कैसे हुई घटना की शुरुआत

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 45 वर्ष थी और वह अलीगंज सेक्टर-बी में रहती थी। सोमवार देर शाम देवेंद्र शराब लेने नवाब पुरवा स्थित ठेके पर गया था। ई-रिक्शा से लौटते समय गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के पास उसे महिला मिली, जिसने बातचीत के दौरान उसके साथ चलने और साथ में शराब पीने की बात कही।


झोपड़ी में चली देर रात तक शराब पार्टी

बताया गया कि देवेंद्र महिला को लेकर विशाल खंड-2 में सूरज की झोपड़ी पहुंचा। यहां तीनों ने देर रात तक शराब पी। इसी दौरान दोनों युवकों ने महिला के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।
इसी बीच महिला ने पैसों की मांग की, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। महिला के हंगामा करने पर बदनामी के डर से दोनों ने उसे शांत कराने की कोशिश की। धक्का-मुक्की के दौरान महिला का सिर पीछे रखे तख्त से जोर से टकरा गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।


घबरा गए आरोपी, लाश को बैठा कर फरार

काफी देर तक महिला के न उठने पर दोनों चिंतित हो गए। रात करीब 3 बजे जब उन्होंने दोबारा उसे हिलाया, लेकिन कोई हरकत नहीं दिखी तो उन्हें एहसास हुआ कि महिला की मौत हो चुकी है।
सीधे भागने की बजाय दोनों ने सोचा कि अगर लाश को बैठा दिया जाए तो किसी को शक नहीं होगा। वे मृतका को पास में स्थित रिटायर्ड IAS अधिकारी के घर के बाहर पार्क की दीवार के सहारे बैठा कर फरार हो गए।

सुबह लोगों ने महिला को कई घंटों तक उसी स्थिति में बैठे देखा, पर जब कोई हलचल नहीं हुई तो संदेह गहराया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला

सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के बाद महिला की पहचान हुई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

3/related/default