Korba News: मां-बेटी पर हाथी का हमला — 80 वर्षीय महिला की कुचलकर मौत, गांव में दहशत

CG.ई ख़बर


कोरबा (CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
— कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र अंतर्गत गोलाबाहरा गांव में रविवार देर शाम मन को झकझोर देने वाली घटना हुई। खेत के पास आग ताप रही मां-बेटी पर अचानक एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस घटना में 80 वर्षीय इंद्रकुंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी किसी तरह जान बचाकर भाग निकली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर से करीब 50 मीटर दूर मां-बेटी आग ताप रही थीं। इसी दौरान हाथी अचानक वहां आ धमका। खतरा महसूस होते ही दोनों घर की ओर भागने लगीं, लेकिन हाथी ने इंद्रकुंवर को पीछे से आ घेरा और बेरहमी से कुचल दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बुजुर्ग महिला ने तत्काल दम तोड़ दिया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और तुरंत वन विभाग व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा सहित आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद गोलाबाहरा और आसपास के गांवों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय खेतों और जंगल की ओर अकेले न जाएं तथा हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखें। विभाग ने सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ग्रामीणों में भय और प्रशासन पर निगाह — क्या मिलेगा राहत उपाय?
लगातार बढ़ती हाथी गतिविधियों के कारण क्षेत्र के गांवों में डर का माहौल गहराता जा रहा है। ग्रामीण अब वन विभाग से सुरक्षा और मुआवजे को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

3/related/default