विधायक देवेंद्र यादव संग उपवास कर रहे पार्षद की हालत गंभीर आधी रात अस्पताल में भर्ती, समर्थकों में बढ़ी चिंता

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

भिलाई | 24 दिसंबर 2025 सेल के भिलाई स्टील प्लांट और टाउनशिप को बचाने के लिए चल रहे सत्याग्रह से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। विधायक देवेंद्र यादव के साथ उपवास पर बैठे पार्षद लालचंद वर्मा की हालत मंगलवार देर रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आधी रात करीब 2 बजे बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद पार्षद लालचंद वर्मा अस्पताल जाने को तैयार नहीं थे, लेकिन विधायक देवेंद्र यादव ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्हें समझाकर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार पार्षद का ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा हुआ, शुगर लेवल गिरा हुआ पाया गया, वहीं यूरिन इंफेक्शन की भी शिकायत सामने आई है। फिलहाल उनकी हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।

अन्य उपवासियों की सेहत भी चिंता का विषय

विधायक देवेंद्र यादव के साथ खुर्सीपार निवासी जग्गा भा भी उपवास पर बैठे हैं, जिनकी सेहत को लेकर भी चिंताजनक संकेत मिले हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे विधायक देवेंद्र यादव का मेडिकल चेकअप किया गया, जिसमें उनका भी बीपी बढ़ा हुआ और शुगर लेवल कम पाया गया। इस जानकारी के सामने आने के बाद समर्थकों की चिंता और बढ़ गई है।

उपवास स्थल और अस्पताल में जुटने लगे समर्थक

पार्षद लालचंद वर्मा को अस्पताल में भर्ती किए जाने की खबर फैलते ही सिविक सेंटर स्थित उपवास स्थल और बीएम शाह अस्पताल में समर्थकों और नागरिकों की भीड़ जुटने लगी। लगातार लोग विधायक और उपवासियों का हालचाल जानने पहुंच रहे हैं।

इन मुद्दों को लेकर चल रहा उपवास

विधायक देवेंद्र यादव भिलाई स्टील प्लांट के निजीकरण, रिटेंशन नीति, लीज से जुड़े मामलों, स्कूलों, मैत्रीबाग सहित कई जनहित मुद्दों को लेकर अनिश्चितकालीन उपवास पर हैं। बीएसपी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस और सकारात्मक जवाब नहीं मिलने से हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।

परिवार ने बढ़ाया हौसला

आमतौर पर विधायक देवेंद्र यादव हर दिन रात करीब 1 बजे तक समर्थकों और नागरिकों से संवाद करते नजर आते थे, लेकिन मंगलवार को तबीयत खराब होने के चलते रात 11 बजे ही पंडाल खाली करा दिया गया। इस दौरान विधायक की पत्नी डॉ. श्रुतिका यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उनका हौसला बढ़ाया।

फिलहाल स्थिति पर प्रशासन और बीएसपी प्रबंधन की अगली प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

3/related/default