कोरबा (CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम) : विद्यालयों व महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर विविध जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिविर लगाकर भारी व हल्के वाहन चालकों का प्राथमिकता से नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। सड़क निर्माण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने ईई पीडब्ल्यूडी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुगमता, सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दुर्घटनाजन्य स्थानों पर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रेमलता यादव, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित सभी एसडीएम, यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बालको, एसईसीएल एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधार कार्य किए जाएं। इसके अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण, गड्ढों की मरम्मत, स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग तथा स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, रैली, सेमिनार एवं प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि शिविर लगाकर भारी व हल्के वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए ईई पीडब्ल्यूडी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

