CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा पुलिस का रजत जयंती वर्ष में महिला सुरक्षा अभियान शुरू, कटघोरा में हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

कोरबा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कोरबा पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। पुलिस विभाग के रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान का आयोजन 1 जनवरी से 11 जनवरी तक शहरी, ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, बाल विवाह निषेध कानून सहित सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना है। अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 2, तहसीलभाटा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को संबोधित करते हुए समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए महिलाओं को सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण या अपराध की जानकारी बिना भय के तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में महिलाओं के साथ खड़ी है और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

यह जनजागरूकता कार्यक्रम महिला सुरक्षा को लेकर सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देता है। कोरबा पुलिस की यह पहल जिले में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads