CMO बोले– फाइल पुटअप हो तो आज ही चेक काट दूँ, इंजीनियर का दावा– आज होगा भुगतान
कोरबा-छुरीकला : शासन की योजनाओं के तहत कार्य पूर्ण होने के बाद भी भुगतान के लिए ठेकेदारों को भटकना पड़ रहा है। ऐसा ही एक ताज़ा मामला नगर पंचायत छुरीकला से सामने आया है, जहां अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना का कार्य पूरा होने के बावजूद पिछले 6 माह से ठेकेदार भुगतान के लिए चक्कर काट रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और फाइलों की धीमी रफ्तार के चलते अब ठेकेदार आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत छुरीकला द्वारा वर्ष 2024 में अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना कार्य की निविदा अग्रवाल एजेंसी, कटघोरा को दी गई थी। अनुबंध की शर्तों के अनुरूप ठेकेदार ने निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कर दिया। कार्य की कुल लागत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसमें से अब तक केवल 40 प्रतिशत राशि का ही भुगतान हुआ है। शेष भुगतान के लिए ठेकेदार पिछले 6 माह से नगर पंचायत के चक्कर काट रहा है।
भुगतान लंबित रहने से परेशान अग्रवाल एजेंसी के प्रोपराइटर अनिल अग्रवाल ने नगर पंचायत को आमरण अनशन की चेतावनी देते हुए पत्र प्रेषित किया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना कार्य को पूर्ण हुए 6 माह से अधिक समय बीत चुका है, कार्य का हैंडओवर व लोकार्पण भी हो चुका है, इसके बावजूद भुगतान नहीं किया जाना अनुबंध की शर्तों का खुला उल्लंघन है। चेतावनी दी गई है कि यदि 9 फरवरी 2026 तक भुगतान नहीं किया गया तो 10 फरवरी 2026 को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के समक्ष आमरण अनशन किया जाएगा। अनिल अग्रवाल की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उनके परिजन भी चिंतित हैं।
CMO का बयान– फाइल नहीं पहुंची
इस मामले में नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि भुगतान से संबंधित फाइल अभी तक उनके टेबल पर नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि इंजीनियर द्वारा प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, इसी कारण समस्या उत्पन्न हुई है। इस संबंध में इंजीनियर को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। CMO ने स्पष्ट कहा कि जैसे ही फाइल उनके समक्ष पुटअप होगी, वह तत्काल भुगतान के लिए चेक काटने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित इंजीनियर कटघोरा नगर पंचायत में अतिरिक्त प्रभार पर हैं और सप्ताह के अधिकांश दिन वहीं कार्य करते हैं, जिससे छुरीकला का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
इंजीनियर का दावा– आज कटेगा चेक
वहीं, जब इस संबंध में इंजीनियर चंद्रप्रकाश जायसवाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि भुगतान से संबंधित फाइल कल ही पूर्ण कर ली गई है और आज ही चेक कटवा दिया जाएगा। ठेकेदार के आमरण अनशन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे उनसे चर्चा कर मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि ठेकेदार को भुगतान वास्तव में कब तक मिल पाता है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है कि कार्य पूर्ण होने के बावजूद भुगतान में 6 माह की देरी आखिर क्यों की गई?

