ads 90x728

गरीबों के अनाज में डाका तीन महीनों से नहीं मिला राशन, ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में की शिकायत


(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

छत्तीसगढ़ | — जिले के वनांचल क्षेत्र पाली विकासखंड अंतर्गत खम्हरिया गांव के गरीब हितग्राहियों के हक के अनाज में कथित तौर पर भारी अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सोसायटी संचालक द्वारा उनका अंगूठा तो लगवा लिया गया, लेकिन पिछले तीन महीनों (दिसंबर, जनवरी और फरवरी) से चावल, शक्कर और चना का वितरण नहीं किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, हर बार राशन मांगने पर एक ही जवाब दिया जाता है—“गोदाम से सामान आएगा तब वितरण होगा।” इससे आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और कलेक्टर जनदर्शन में सोसायटी संचालक के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

बताया जा रहा है कि संस्कार भारती महिला ग्रामीण विकास स्व सहायता समूह, खम्हरिया द्वारा संबंधित सोसायटी का संचालन किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ई-केवाईसी/बायोमेट्रिक प्रक्रिया के तहत अंगूठा लगवाने के बावजूद महीनों से राशन न मिलना सीधे-सीधे गरीबों के हक पर डाका है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशन के संबंध में पूछताछ करने पर संचालक द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे हितग्राही भय और असहायता महसूस कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, लंबित महीनों का पूरा राशन अविलंब वितरित कराया जाए, और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads