CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

नाली में मिला युवक का शव, संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी


(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को 40 वर्षीय युवक का शव नाली में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की लाश बनियान और जांघिया में औंधे मुंह पड़ी हुई थी। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत को संदिग्ध माना जा रहा है।

घटना गौशाला मार्ग स्थित महिला समृद्धि बाजार के पीछे की बताई जा रही है। गुरुवार को कुछ युवक समृद्धि बाजार की छत पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नीचे बह रही नाली पर पड़ी, जहां एक व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। शुरुआत में उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन पास जाकर देखने पर शरीर में कोई हलचल नहीं दिखी। इसके बाद उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों और क्षेत्रीय पार्षद को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। कुछ ही देर में कोतवाली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जवानों की मदद से शव को नाली से बाहर निकलवाया। प्राथमिक जांच में युवक की मौत की पुष्टि हुई। जांच के दौरान सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान तथा खून बहने के संकेत मिले, जिससे मामला सामान्य हादसे से कहीं अधिक गंभीर प्रतीत हो रहा है।

घटनास्थल के आसपास तलाशी लेने पर महिला समृद्धि बाजार की छत से मृतक की शर्ट, पैंट और चप्पल बरामद हुई। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक पहले छत पर मौजूद था और किसी कारणवश नीचे नाली में गिरा। हालांकि यह गिरना दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई आपराधिक वजह है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गौशाला चौक स्थित मंगलम विवाह घर के मालिक के यहां ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads