(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती मरकाम)
छत्तीसगढ़ |कोरबा जिले में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत दर्री के केन्दईखार में शासकीय जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केन्दईखार क्षेत्र में शासकीय भू-भाग पर नियमों को ताक पर रखकर बड़े-बड़े फार्म हाउस और अन्य निर्माण खड़े कर दिए गए थे। इस मामले की गंभीर शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया। इसके बाद 9 फरवरी को संबंधित पक्षों के खिलाफ बेदखली आदेश जारी किया गया और 15 फरवरी तक स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया गया।
निर्धारित समय-सीमा के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। कटघोरा एसडीएम प्रशासनिक अमले, नगर निगम अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान शुरू किया। बुलडोजर की मदद से शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
कटघोरा एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शासकीय जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। जिले में ऐसे सभी मामलों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन पर आरोप भी लगाए गए, लेकिन अधिकारियों ने इसे न्यायालयीन व वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई कार्रवाई बताया।
प्रशासन ने दोहराया कि सार्वजनिक और शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।











