नीमच पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में आर.आई. और हेड कांस्टेबल पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

CG.ई ख़बर


नीमच (मध्यप्रदेश) : 
मध्यप्रदेश के नीमच जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस लाइन में पदस्थ एक पुलिसकर्मी ने आत्महत्या कर ली। मृतक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर आर.आई. और एक हेड कांस्टेबल पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

चार पेज का सुसाइड नोट बरामद

मिली जानकारी के अनुसार मृतक पुलिसकर्मी की पहचान होशियार सिंह के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस ने चार पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में होशियार सिंह ने अपनी मौत के लिए आर.आई. विक्रम सिंह और हेड कांस्टेबल प्रणव तिवारी को जिम्मेदार ठहराया है। नोट में दोनों अधिकारियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का उल्लेख किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार बनाकर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। आत्महत्या के कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शहडोल पुलिस लाइन में भी ड्यूटी के दौरान एक पुलिस आरक्षक ने अपनी सर्विस राइफल से आत्महत्या कर ली थी। मृतक आरक्षक की पहचान शिशिर सिंह राजपूत के रूप में हुई थी, जो मूल रूप से जबलपुर के निवासी थे।

3/related/default