CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

थाने से चंद कदम दूर भाजपा नेता की दबंगई, महिला दुकानदार से सरेराह मारपीट


वीडियो वायरल, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा

सीधी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से भाजपा नेता की कथित गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहरी थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पर, पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर भाजपा नेता संतोष पाठक द्वारा एक महिला दुकानदार के साथ सरेआम मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।

सरेराह मारपीट, वीडियो में कैद हुई दबंगई

जानकारी के मुताबिक, भनवार गांव की निवासी हेमा सिंह हनुमना मोड़ के पास हाथ ठेला लगाकर सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। आरोप है कि करीब तीन महीने पहले भाजपा नेता संतोष पाठक ने महिला की गोमती (दुकान) में तोड़फोड़ कर उसे वहां से हटा दिया। इसके बाद उसी जगह पर अपनी दुकान रखकर उसे किराए पर भी चढ़ा दिया गया।

पीड़िता ने जब दोबारा हाथ ठेला लगाकर सब्जी बेचना शुरू किया तो उसका ठेला भी गायब करवा दिया गया। मजबूरी में जब महिला उसी स्थान पर बैठकर सब्जी बेचने पहुंची, तो संतोष पाठक ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। यह पूरी घटना पास मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

विपक्ष का हमला, कानून-व्यवस्था पर सवाल

बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष पाठक, क्षेत्रीय भाजपा विधायक विश्वामित्र पाठक का करीबी है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि जब थाने के इतने पास एक महिला सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का दावा खोखला है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबर अपडेट जारी है…

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads