CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

अवैध कब्जा कर पहले चोरी, फिर सीना जोरी करने वालों पर निगम की सख्ती


अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने वालों को दी कड़ी चेतावनी


(CG ई खबर, दर्री ब्लॉक रिपोर्टर: सरस्वती मरकाम)

छत्तीसगढ़ | कोरबा, 05 फरवरी 2026। अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान निगम की कार्यवाही में विघ्न डालने, हुज्जतबाजी करने और “पहले चोरी – फिर सीना जोरी” की कहावत को चरितार्थ करने वालों पर नगर पालिक निगम कोरबा सख्ती से निपट रहा है। निगम की अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

इसी कड़ी में आज ढोढ़ीपारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान निगम कर्मचारियों के साथ अभद्रता व हुड़दंग करने वाली एक अतिक्रमणकारी महिला को महिला सुरक्षा बल की मदद से सख्ती के साथ काबू में किया गया। महिला को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में निगम की कार्रवाई में दोबारा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न की गई, तो अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र अंतर्गत शासकीय भूमि, निगम की भूमि एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान लगातार जारी है। निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर एक सशक्त अतिक्रमण निरोधी उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी उपायुक्त श्री नीरज कौशिक को सौंपी गई है।

उपायुक्त श्री कौशिक के नेतृत्व में यह टीम नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध कब्जों पर कड़ी नजर रखते हुए उन्हें हटाने की निरंतर कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के दौरान कई बार अतिक्रमणकारियों द्वारा भ्रम फैलाने, दबाव बनाने एवं कार्यवाही रोकने के प्रयास किए जाते हैं, किंतु निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसे किसी भी दबाव या विरोध के आगे झुकने का सवाल ही नहीं है।

निगम प्रशासन का साफ संदेश है कि अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या समूह निगम की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करेगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads