ads 90x728

सांसद आदर्श ग्राम पंचायत तिलकेजा में निर्माण को लेकर टकराव, भाजपा नेता और पंचायत आमने-सामने


कलेक्टर कोरबा से की गई शिकायत, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

छत्तीसगढ़ | कोरबा : जिले की चर्चित सांसद आदर्श ग्राम पंचायत तिलकेजा में विकास कार्य को लेकर ग्राम पंचायत और स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मामला अब कलेक्टर कोरबा तक पहुँच चुका है, बावजूद इसके अब तक किसी ठोस कार्रवाई के अभाव का आरोप लगाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीएम हायर सेकेंडरी स्कूल तिलकेजा में प्रयोगशाला हेतु चार कमरों के भवन का निर्माण पीएम श्री समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुआ है। इस निर्माण कार्य की निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत तिलकेजा को बनाया गया है तथा संबंधित राशि भी पंचायत के खाते में जमा है।

सरपंच ने लगाए गंभीर आरोप

ग्राम पंचायत तिलकेजा की सरपंच तेरस कंवर ने स्थानीय भाजपा नेता, भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष किशन साव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंच का कहना है कि किशन साव ने पंचायत को बिना सूचना दिए, अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए स्कूल परिसर में स्थित पुराने भवन को अवैध रूप से तुड़वा दिया और प्रयोगशाला भवन का निर्माण स्वयं शुरू कर दिया।

इस पूरे मामले की शिकायत सरपंच द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में की गई है, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी है।

सचिव के व्यवहार पर भी उठे सवाल

मामले की सच्चाई जानने के लिए जब ग्राम पंचायत सचिव नविता दुबे से संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन पर जानकारी देने से इनकार करते हुए कथित रूप से असभ्य व्यवहार किया। इस रवैये से उनकी जवाबदेही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पंचायत का दावा

सरपंच तेरस कंवर ने बताया कि निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत है और पंचायत ही प्रयोगशाला भवन का निर्माण कराना चाहती है, लेकिन भाजपा नेता किशन साव द्वारा लगातार बाधा उत्पन्न की जा रही है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में कब तक संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करता है, ताकि सांसद आदर्श ग्राम पंचायत में विकास कार्य पारदर्शी और नियमों के तहत हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads